बादली। गुभाना गांव के दो लोगों ने एक निजी बैंक मैनेजर और कर्मचारियों पर मिलीभगत कर 12 लाख रुपये की फिक्स डिपोजिट (एफडी) तोड़कर पैसे निकालने के मामले में ग्रामीणों संग बैंक पहुंचकर रोष प्रकट किया। ग्रामीणों ने महिला सहित दो उपभोक्ताओं ने पुलिस में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन अभी तक कार्रवाई न होने से ग्रामीणों ने एकत्रित होकर बैंक के बाहर प्रदर्शन किया। बैंक कर्मचारियों की ओर से जल्द ही कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत करवाया।
जिला पार्षद अंकुर और दरियापुर गांव से होशियार सिंह के साथ काफी संख्या में ग्रामीण बैंक पहुंचे और बैंक कर्मचारियों के खिलाफ नारेबाजी की। पीड़ित उपभोक्ताओं के पैसे वापस देने की मांग की। बता दें कि गुभाना निवासी सुखबीरो ने बताया कि गांव के एचडीएफसी बैंक खाता में 4 लाख रुपये की एफडी करवाई गई थी, लेकिन अब बैंक में पता किया तो एफडी को बंद करने के बाद पैसे निकाल लिए गए हैं।
जयप्रकाश ने बताया कि खाता में 3 लाख और 5 लाख रुपये की दो अलग-अलग एफडी बनवा रखी थी। बैंक कर्मचारियों ने मिलीभगत कर उसके खाते से एफडी को तोड़ दिया और पैसे निकालकर धोखाधड़ी की। बैंक अधिकारियों की ओर से ग्रामीणों को बताया कि बैंक की ओर से जांच की जा रही है और प्राथमिक जांच में नकली हस्ताक्षर कर पैसे निकलवाए गए हैं जिसके लिए जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही दोषी से रिकवरी भी की जाएगी।
सुखबीरों और जयप्रकाश ने 3 एफडी से 12 लाख रुपये निकालने का आरोप लगाते हुए बादली पुलिस थाना में 31 अगस्त को शिकायत दी थी। 7 दिनों बाद भी पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। इससे ग्रामीणों में रोष है। वहीं पुलिस थाना प्रभारी राकेश कुमार का कहना ह कि रिकार्ड मंगवाया जाएगा और जांच के बाद जल्द ही मामला दर्ज कर लिया जाएगा।