झज्जर। 1 मई से 18 साल से ऊपर के लोगों को कोरोना से बचाव के लिए टीके लगाने के अभियान की शुरुआत की होनी है, लेकिन जिला मुख्यालय पर टीके न पहुंचने के कारण यह कार्य अधर में लटकता दिखाई दे रहा है। अगर शनिवार रात को वैक्सीन जिला मुख्यालय पर पहुंची तो रविवार सुबह वैक्सीनेशन का कार्य शुरू किया जा सकता है। फिलहाल तक शुक्रवार को दिन भर वैक्सीन आने का इंतजार किया जाता रहा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सेंट्रल स्टोर से संपर्क साधते रहे। लेकिन देर शाम स्वास्थ्य विभाग के पास वैक्सीन नहीं पहुंच पाई थी। फिलहाल जो वैक्सीन जिला मुख्यालय पर बची हुई हैं वह 45 साल से ऊपर के लोगों के लिए हैं और वह भी एक से डेढ़ दिन का स्टॉक बाकी बचा हुआ है। सेंट्रल स्टोर से जिला मुख्यालयों को 2 से 3 दिन का स्टॉक दिया जा रहा है। उसके हिसाब से ही स्वास्थ्य विभाग वैक्सीनेशन का कार्य कर रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के पास फिलहाल 45 साल से ऊपर के लोगों को लगाने वाली वैक्सीन हैं, लेकिन इससे कम उम्र के लोगों को लगाई जाने वाली वैक्सीन का इंतजार किया जा रहा है। शुक्रवार की रात के समय अगर वैक्सीन आती है तो शनिवार सुबह वैक्सीनेशन का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
- डॉ विकास, डिप्टी सिविल सर्जन, झज्जर।