महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि) में बुधवार रात एसी जलने की घटना के बाद छात्रों ने बिजली उपकरणों के रखरखाव पर सवाल उठाए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने घटना के पीछे शॉर्ट सर्किट को कारण बताया है। वहीं, छात्रों ने सभी कक्षों में लगे एसी सहित अन्य बिजली उपकरणों की जांच करवाने की मांग उठाई है।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. नीरज कर्णसिंह ने बताया कि एसी जलने की घटना शॉर्ट सर्किट के कारण हुई। हालांकि, शॉर्ट सर्किट के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। उपकरणों की देखभाल के लिए एएमसी (वार्षिक रखरखाव कमेटी) समय-समय पर जांच करती है और आवश्यकतानुसार इनकी मरम्मत भी करती है।
उपकरण पुराने जरूर हैं, लेकिन इनमें किसी प्रकार की खराबी नहीं थी। शॉर्ट सर्किट से ही आग लगी थी और ऐसा कभी भी हो सकता है। अब कमेटी से बातचीत कर सभी उपकरणों की जांच करवा दी जाएगी। आग से बचाव के लिए हर कक्ष के पास पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था है।
बता दें कि बुधवार रात एसी जलने से स्कूल ऑफ इलेक्ट्रिकल एंड टेक्नोलॉजी विभाग की कक्षा में नुकसान हुआ था। इसके बाद छात्रों ने विश्वविद्यालय में बिजली उपकरणों के रखरखाव को लेकर सवाल उठाए। छात्रों ने आरोप लगाया कि उपकरणों की उचित देखभाल नहीं की जा रही है।
इसी मुद्दे को लेकर एनएसयूआई के नेतृत्व में छात्रों ने वीरवार रात विश्वविद्यालय का गेट बंद कर प्रदर्शन किया था।
इस दौरान सुरक्षा गार्डों और पुलिस के साथ भी छात्रों की धक्का-मुक्की और कहासुनी हो गई। हालांकि, काफी देर तक चले इस घटनाक्रम के बाद भी विश्वविद्यालय का कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे छात्रों में नाराजगी बनी रही और उन्होंने उपकरणों की सुरक्षा व रखरखाव को लेकर जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की।
छात्र शुक्रवार को कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार से मिलने वाले थे, लेकिन विभागीय कार्यों के चलते उनसे मुलाकात नहीं हो पाई।