20jjrp04- जिला स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता स्टाफ के साथ। स्रोत-शिक्षा विभाग
झज्जर। राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल झज्जर में बुधवार को जिलास्तरीय एचआईवी/एड्स और हेल्दी लाइफस्टाइल क्विज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जिलेभर से चयनित विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार ने किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में बच्चों को मेहनत और लगन से आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिले का प्रतिनिधित्व करना अपने आपमें बड़ी उपलब्धि है। आप सभी विद्यार्थी हमारे जिले की शान हैं और आपकी मेहनत ही आपको भविष्य में सफलता दिलाएगी।
इसके बाद जिला उल्लास समन्वयक और क्विज नोडल अधिकारी श्रीकृष्ण वशिष्ठ ने सभी प्रतिभागियों को निष्पक्ष खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि हार-जीत से बड़ा महत्व आपकी भागीदारी का है। आज यदि आप विजय नहीं भी प्राप्त कर पाते हैं, तो भी यह अनुभव आपके जीवन में नई सीख जोड़ने का कार्य करेगा।
इसमें साक्षी, यशिका और धैर्य की टीम प्रथम रही। सीया और प्रिया की टीम ने दूसरा और खुशी, प्रिंशी और पायल की टीम ने तृतीय स्थान पाया। जिला शिक्षा अधिकारी ने विजेता विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए।
विद्यालय के प्राचार्य जोगेंद्र सिंह ने भी विजेता टीमों को बधाई दी और कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि न सिर्फ उनके विद्यालय बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। पूरे कार्यक्रम के सुचारू संचालन में शिक्षकों एवं आयोजकों की विशेष भूमिका रही। इसमें निधि खत्री, बबीता, अनूप, अमित और लक्ष्मण का योगदान रहा।