झज्जर। शहर के सेक्टर छह के पार्क नंबर तीन व प्ले स्कूल की भूमि पर पुलिस स्टेशन बनाने के विरोध में बुधवार को भी धरना जारी रहा। रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के नेतृत्व में सेक्टरवासी धरने पर डटे रहे।धरना स्थल पर डीएसपी राहुल देव व हुडा विभाग के अधिकारी पहुंचे और समस्या का समाधान कराने का आश्वासन देकर धरना समाप्त करने का अनुरोध किया लेकिन सेक्टर वासियों ने साफ कह दिया कि समस्या का समाधान होने तक धरना समाप्त नहीं होगा।
रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर 6 के सचिव राजकुमार देशवाल ने बताया कि डीसपी मुख्यालय राहुल देव ने धरनास्थल का दौरा कर धरनारत सेक्टरवासियों से मुलाकात की व समस्या के समाधान के लिए प्रयास करने का आश्वाशन दिया। इस मुद्दे पर बुधवार उपायुक्त झज्जर ने भी एक बैठक का आयोजन कर अधिकारीयों से इस समस्या की जानकारी ली। रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर 6 के सचिव राजकुमार देशवाल ने बताया कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के विरुद्ध रोष परदर्शित किया गया। सेक्टर वासियों का कहना है कि पुलिस थाने के लिए सेक्टर में अलग से जमीन दी गई थी। वहां पर थाना बनाने की बजाए पार्क नंबर तीन की 1150 व प्ले स्कूल की 950 वर्ग गज जगह थाने के लिए दी गई है। उनका विरोध इस बात को लेकर है कि विकसित किए गए पार्क के स्थान पर व स्कूल के स्थान पर थाना बनाया जा रहा है।