जींद। विद्यालय शिक्षा निदेशालय, हरियाणा ने ग्रेड 1 से 3 के विद्यार्थियों के लिए दूसरे चरण के जनगणना-आधारित बाल-वार मूल्यांकन के आयोजन की तिथि तय कर दी है। निपुण हरियाणा मिशन के तहत यह आकलन 22 और 23 दिसंबर को सभी स्कूलों में एक साथ कराया जाएगा।
निदेशालय ने सभी जिला व खंडस्तर के अधिकारियों, शिक्षकों और मेंटर्स को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। यह आकलन पूरी तरह डायग्नोस्टिक एक्सरसाइज है न कि परीक्षा। इसका उद्देश्य बच्चों की बुनियादी पढ़ाई-लिखाई व गणितीय क्षमता का स्तर समझकर उन्हें उपयुक्त सहायता देना है।
विज्ञापन
निर्देशों के अनुसार 22 दिसंबर को हिंदी साक्षरता शब्द, वाक्य व अनुच्छेद पढ़ना जबकि 23 दिसंबर को गणितीय क्षमता संख्या पहचान, जोड़-घटाव का मूल्यांकन किया जाएगा। ग्रेड दो और तीन के लिए पहले चरण में नियुक्त किए गए टीजीटी और पीजीटी शिक्षक ही आकलन करेंगे। वहीं ग्रेड एक का आकलन स्वयं कक्षा शिक्षक करेंगे।
प्रत्येक बच्चे का आकलन पांच से दस मिनट में किया जाएगा और पूरा डाटा निपुण हरियाणा टीचर एप पर दर्ज करना होगा। जिला एफएलएन समन्वयकों को निर्देश दिए गए हैं कि यदि टीजीटी और पीजीटी सूची में बदलाव हो तो 10 दिसंबर तक विभाग को सूचित करें।
साथ ही प्रत्येक क्लस्टर में दो अतिरिक्त एन्यूमरेटर्स रिजर्व रखने के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि किसी भी स्थिति में आकलन प्रभावित न हो। डीईईओ, बीईओ और सभी जिला खंड अधिकारी आकलन के दौरान मेगा मॉनिटरिंग व स्पॉट चेक करेंगे। इसके लिए स्कूल ऑब्जर्वेशन गूगल फॉर्म भी जारी किया गया है।
निदेशालय ने निर्देश दिया है कि यह आकलन स्कूलों की मध्य-वर्षीय शैक्षणिक स्थिति को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। विशेष रूप से ग्रेड 1 के परिणामों को ग्रेड 2-3 के साथ मिलाकर आगामी महीनों के लिए रीमेडियल शिक्षण योजना तैयार की जाएगी।