साल्हावास। मातनहेल के पास से गुजरने वाली जवाहर लाल नेहरू नहर में शुक्रवार शाम आजाद नगर के 32 वर्षीय अमित और 28 वर्षीय विकास खापड़वास के डूबने की आशंका जताई जा रही है। दोनों की तलाश के लिए शनिवार को सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक 10 घंटे सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है।
रविवार को सुबह फिर से सर्च अभियान चलाया जाएगा। शनिवार को तहसीलदार जयवीर व थाना प्रभारी हरेश कुमार एवं स्पेशल टास्क फोर्स ने भी घटनास्थल का दौरा किया है। एसडीआरएफ हरियाणा के भोंडसी से गोताखोर बुलाए गए। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल भोंडसी के गोताखोरों ने 10 घंटे तक सर्च अभियान में अलग-अलग तकनीक अपनाई, लेकिन सफल नहीं हुए। मौके पर आजाद नगर के सरपंच महेंद्र सिंह एवं ग्रामीण भी सुबह से ही जवाहर लाल नेहरू कैनाल पर मौजूद रहे।
तैराना जानते थे, फिर भी नहीं मिल रहे
ग्रामीणों ने सर्च अभियान टीम की मदद की यथासंभव मदद की। दोनों युवक लकड़ी का काम करते थे। दोनों शुक्रवार को दुकान पर नहाने की बात कहकर गए थे। दोनों को तैरना आता था। जब युवक घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने दुकानदार से संपर्क किया।
दुकानदार ने बताया कि दुकान पर यह कह कर गए थे कि नहर पर नहाने के लिए जा रहे हैं। परिजनों व दुकानदार ने जब नहर पर जाकर देखा तो पता चला कि दोनों जेएलएन नहर में नहाने उतरे थे, लेकिन बहाव तेज होने के कारण उनके डूबने की आशंका हैं।
दोनों की नहर में सर्च अभियान के तहत तलाश की गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक नहीं मिल सके थे। दोनों दोस्तों की चप्पल, पर्स, बाइक नहर की पटरी पर मिले हैं। सर्च अभियान जारी है।
दोनों युवकों के कपड़े न मिलने से मामला लग रहा संदेहास्पद
ग्रामीणों के अनुसार नहर की पटरी पर बाइक, पर्स और चप्पल तो मिले हैं, लेकिन दोनों युवकों के कपड़े नहीं मिले हैं। इससे मामला संदेहास्पद प्रतीत हो रहा है। जब कीमती सामान व बाइक मिल गए तो आखिर कपड़े कहां गायब हो गए हैं। कहीं ऐसा तो नहीं है कि किसी ने युवकों का अपहरण कर लिया और गुमराह करने के लिए नहर की पटरी पर बाइक पर्स व चप्पल छोड़ दिए हो। वहीं कयास लगाया जा रहा है कि दोनों कपड़े पहनकर ही नहर में स्नान करने के लिए उतरे हो।
जेएनएल में चल रहा 2200 क्यूसेक पानी
जेएनएल नहर में 2800 क्यूसेक पानी की मांग की गई थी। उसके बाद मौसम खराब व बारिश के चलते पानी में कटौती की गई। वर्तमान में 2200 क्यूसेक पानी चल रहा है। 9 जून को जेएनएल नहर में आया पानी 25 या 26 जून तक चलने की उम्मीद है। ऐसे में जेएनएल नहर में अधिक पानी के चलते भी डूबे हुए युवकों की तलाश करना गोताखोरों के लिए जी का जंजाल बना हुआ है।