छत पर कपड़े सुखाने के लिए बांधी गई रस्सियों के साथ खेल रहे सिलाना गांव के 11 वर्षीय हिमांशु के गले में फंदा पड़ने से उसकी मौत हो गई। वीरवार शाम को हुई घटना में जब उसके परिजनों ने देखा तो उसे शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की सूचना मिलने के बाद सदर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम करवाने के लिए सामान्य अस्पताल भिजवा दिया। जहां पर शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस को दिए बयान में हिमांशु के पिता संदीप ने बताया कि हिमांशु वीरवार देर शाम को छत पर खेल रहा था। छत पर कपड़े सुखाने के लिए कई रस्सियां बांधी हुई थीं। जब वह रस्सियों से खेलते समय दौड़ने लगा तो रस्सियां उसके गले में फंस गई और वह फंदा बन गईं। फंदे की वजह से उसका दम घुट गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल लेकर जा रहे थे तो उसने दम तोड़ दिया। निजी अस्पताल के चिकित्सकों ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झज्जर नागरिक अस्पताल भिजवा दिया। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
बच्चे की मौत की सूचना मिलने के बाद रात को ही पुलिस अस्पताल पहुंच गई थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। सतेंद्र कुमार, पुलिस थाना प्रभारी, सदर झज्जर।