बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ में डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल शनिवार को हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान 2025 के अंतर्गत चल रही स्वच्छता गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने डीएमसी डा. सुशील कुमार, सीईओ जिला परिषद मनीष कुमार, एसडीएम नसीब कुमार के साथ शहर की सफाई व्यवस्था व जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया।
डीसी ने किसान चौक, जाखोदा गांव के साथ लगता राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र, सांखोल, परनाला, छोटूराम नगर, मॉडल औद्योगिक क्षेत्र, बालोर रोड, बादली रोड, किला मोहल्ला, झज्जर रोड के साथ ही सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और नया गांव के समीप डंपिंग प्वाइंट का जायजा लिया।
डीसी ने कहा कि बहादुरगढ़ शहर एक औद्योगिक नगरी के रूप में अपनी पहचान रखता है, ऐसे में शहर को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य प्रतिदिन करने से ही शहर साफ सुथरा रहेगा। कूड़ा डंपिंग प्वाइंट की सफाई प्रतिदिन सुबह होनी चाहिए। इसमें किसी प्रकार कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। डीसी ने नगर परिषद अधिकारियों से शहर के पार्कों की सुंदरता बढ़ाने, स्ट्रीट लाइट चालू हालत में रखने, बिजली के लटकते हुए तारों को ठीक करने, जल निकासी नालों की सफाई निरंतर करने, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने, शहर की सुंदरता में बाधा बन रहे अवैध होर्डिंग को हटाने के आदेश दिए। डीसी ने कहा कि हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान के चलते हर वार्ड की व्यवस्था की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्ति की गई है। नगर परिषद के अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि शहर में सुबह सफाई कार्य के समय फील्ड में रहें और नागरिकों से फीडबैक लेते हुए काम करवाएं।
यह अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला नगर आयुक्त डा सुशील कुमार, सीईओ जिला परिषद मनीष कुमार, एसडीएम नसीब कुमार, नप चेयरमैन प्रतिनिधि रमेश राठी, पूर्व चेयरमैन कर्मवीर राठी, पार्षदगण, पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता अनिल रोहिल्ला, बिजली निगम के एक्सईएन प्रदीप कुमार, जनस्वास्थ्य विभाग से अमन मोर सिंचाई विभाग से ईशान सिवाच, डीआईपीआरओ सतीश कुमार, बीडीपीओ सुरेंद्र खत्री सहित पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड, एचएसआईआईडीसी, मेट्रो सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
फोटो 75: बहादुरगढ़ स्थित पंडित श्रीराम शर्मा मेट्रो स्टेशन के समीप जल निकासी नाले पर जर्जर लैंटर को तुरंत मेट्रो अधिकारियों को ठीक करने के निर्देश देते डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल। स्रोत सूचना विभाग