झज्जर। शनिवार सुबह एक घंटे की बारिश में ही नगर परिषद की नाला सफाई की पोल खुल गई। शहर की सड़कें, चौराहों पर जलभराव हो गया। राहगीरों को निकलना मुश्किल हो गया। कई बाजार और गलियों में नाले का पानी सड़कों पर आ गया और लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
नगर परिषद ने बारिश से पहले नाले-नालियों की सफाई किए जाने के दावे किए थे, लेकिन बारिश होते ही परिषद के दावों की पोल खुलकर सामने आ गई। शहर के बाजारों और कई मोहल्ले और कॉलोनियों में पानी भरने से लोगों को परेशानी हुई। बारिश थमने के करीब तीन घंटे बाद पानी उतरने पर लोगों का आवागमन शुरू हुआ। बारिश से शहर के बाजार और कई कॉलोनियां पानी से लबालब हो गए। जलभराव होने से लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी। बारिश थमने के बाद सड़काें से धीरे-धीरे पानी उतरा, तब जाकर लोगों को कुछ राहत मिली।
झज्जर शहर में नालों की लंबाई करीब 20 किलोमीटर है। इन नालों के द्वारा शहर के गंदे पानी की निकासी हो रही है। आंबेडकर चौक, बेरी गेट व छारा चुंगी क्षेत्र का गंदा पानी सांपला रोड एसटीपी में जाता है। कच्चा बाबरा रोड, रहणिया कालोनी, कोसली रोड का गंदा पानी कोसली रोड की ड्रेन में जाता है। जहांआरा बाग स्टेडियम, आदर्श नगर, मॉडल टाऊन व तलाव रोड का पानी ड्रेन में जाता है।
यहां हुआ जलभराव
शहर के माता गेट, दिल्ली गेट, छारा चुंगी, आंबेडकर चौक, पुराना बस स्टेंड के सामने वाले रोड, पुराना बर्फ खाना रोड, सामान्य अस्पताल, बिकानेर चौक, प्रिया कॉलोनी, कंवर सिंह काॅलोनी, नीम वाली कॉलाेनी, कांकरा वाले पीर के रास्ते में, छावनी मोहल्ला, रहनियां कॉलोनी सहित शहर में अनेक स्थानों पर पानी भर गया था।
- वर्जन
नालों की सफाई का कार्य चल रहा है। दिल्ली गेट में नालों की सफाई कर दी है। अब बादली रोड पर काम चल रहा है। दस से 15 दिन में नालों की सफाई का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
- मंदीप सिंह, एमई, नगर परिषद, झज्जर।