10jjrp13- सरल केंद्र में रजिस्ट्री से संबंधित जानकारी लेते लोग। संवाद
झज्जर। एक नवंबर से शुरू हुई पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था पहले ही हफ्ते में अटककर रह गई। पोर्टल के धीमा चलने और दस्तावेजों के स्पष्ट रूप से दिखाई न देने से अधिकारियों को नाम, स्थान व अन्य जानकारी मैच करने में परेशानी आ रही है। पहले झज्जर, बेरी और मातनहेल तहसील में 100 से अधिक रजिस्ट्री प्रतिदिन होती थी। अब तीनों जगह ही 5 से 10 ही रजिस्ट्री हो पा रही हैं। सोमवार को भी पोर्टल धीमा चला जिस कारण दिक्कत आई।
पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था के तहत संपत्ति की खरीद-फरोख्त से जुड़ी पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन की जा रही है। खरीदार और विक्रेता के दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड होते हैं जिनकी जांच के बाद रजिस्ट्री की जाती है। सिस्टम के अपडेट होने के कारण पोर्टल की गति काफी धीमी हो गई है। एक फाइल अपलोड करने में काफी समय लग रहा है। इसके अलावा अपलोड किए गए दस्तावेज अस्पष्ट दिखाई देते हैं जिस कारण जांच प्रक्रिया में अड़चन आ रही है।
सोमवार को झज्जर तहसील में केवल दो ही पेपरलेस रजिस्ट्री हुई। एक से 10 नवंबर तक कुल 21 रजिस्ट्री हुई हैं। जबकि पहले यहां प्रतिदिन 35 से 40 रजिस्ट्री प्रतिदिन होती थी। इसी प्रकार से बेरी में सोमवार को 18 रजिस्ट्री हुई जबकि इससे पहले एक से 9 नवंबर तक एक ही रजिस्ट्री हो पाई थी।
मातनहेल तहसील में एक से 9 नवंबर के बीच केवल तीन ही रजिस्ट्री हो पाई। सोमवार को कोई रजिस्ट्री नहीं हुई। नायब तहसीलदार नवदीप ने बताया कि तहसील में अब तक कुल तीन रजिस्ट्री हुई हैं। सोमवार को कोई रजिस्ट्री नहीं हो सकी। संवाद