-फोटो 52 : रोहतक रोड पर विरोध प्रदर्शन करते संगठन कार्यकर्ता। स्रोत संगठन
बहादुरगढ़। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद न करने के विरोध में शुक्रवार को ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने शुक्रवार को रोहतक रोड पर छोटूराम धर्मशाला के पास विरोध प्रदर्शन कर रोष जताया। साथ ही भावांतर भरपाई योजना रद्द करने, दाना दाना खरीदने का वायदा पूरा करने, बाजरे के 2775 रुपये प्रति क्विंटल दाम देने आदि के नारे लगाएं।
संगठन के प्रदेश कमेटी सचिव जयकरण मांडौठी ने बताया कि सरकार की एजेंसियों ने बाजरा खरीदने से हाथ खड़े कर लिए हैं। अब किसानों को अपनी फसल को 2775 रुपये प्रति क्विंटल की बजाय 1850-1900 रुपये प्रति क्विंटल की दर से व्यापारियों को बेचना पड़ रहा है।
सरकारी खरीद न होने से उन्हें गेट पास भी नहीं मिल रहा और जे फार्म भी नहीं कट रहे। इस वजह से उन्हें भावांतर भरपाई के 575 रुपये प्रति क्विंटल के पैसे भी नहीं मिलेंगे। इस प्रकार किसानों को 800-900 रुपये प्रति क्विंटल का नुकसान होगा। इस विरोध प्रदर्शन में सोनू, मुकेश, राजेंद्र, प्रवीण कुमार, कमल, अमिताभ, विनोद व दलेल आदि ने भाग लिया।