झज्जर/साल्हावास। हरियाणा विधानसभा बजट सत्र की कार्रवाई का वीरवार को 7वां दिन रहा। दोपहर दो बजे से बजट सत्र की कार्यवाही प्रश्नकाल के साथ शुरू हुई। सदन की कार्रवाई शुरू होती ही कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने तालाब की सफाई का मुद्दा उठाया।
विधायक ने गांव भूरावास, जोंधी, तलाव, छुछकवास, खेड़ी खुम्मार, मुंडाहेडा, बहु, ग्वालिसन, भदानी गांवों के तालाबों के बारे में सवाल किया। विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि गांव भूरावास (ऐतिहासिक तालाब) के इस प्राचीन तालाब के सुंदरीकरण और सफाई के लिए कार्य योजना तैयार की गई है।
गांव जोंधी (शिव मंदिर के समीप) मंदिर के पास स्थित इस तालाब की मरम्मत और दूषित पानी के उपचार के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। गांव तलाब (गुई जोहड़) तालाबों के कायाकल्प के तहत इसे भी सफाई अभियान में शामिल किया गया है।
गांव छुछकवास (खरिया तालाब) मुख्य सड़क पर स्थित होने के कारण इसके सुंदरकीरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गांव खेड़ी खुमार (रामेश्वर तालाब) के तालाब को अमृत सरोवर योजना या राज्य सरकार की तालाब विकास योजना के अंतर्गत विकसित करने का प्रस्ताव है।
गांव मुंडाहेडा (हरजीवाला तालाब) बाबा खूबी दास आश्रम के पास होने के कारण इसे धार्मिक के आधार पर प्राथमिकता दी है। गांव बहु (रामेश्वर एवं मोटनिया तालाब) के संबंध में मंत्री ने विश्वास दिलाया है कि बहु गांव और आसपास के क्षेत्रों में मरम्मत और शुद्धिकरण का कार्य अगस्त 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
गांव ग्वालीसन (खटियायाला तालाब) एवं भदानी (देसवाल तालाब) के तालाबों का सर्वेक्षण हरियाणा तालाब एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण की तरफ से किया गया है और इन्हें भविष्य की कार्ययोजना में शामिल किया गया है।