बहादुरगढ़। मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है। कभी उमस वाली गर्मी हो रही है तो कभी तेज आंधी के साथ बारिश हो रही है। ऐसे में कभी तापमान कम हो रहा है तो कभी बढ़ रहा है। इससे इलेक्ट्राॅनिक बाजार प्रभावित हुआ है। कूलर, एसी समेत ठंडक प्रदान करने वाली वस्तुओं की बिक्री कम हो गई है।
कारोबारियों का कहना है कि अप्रैल, मई और जून तक इन वस्तुओं का सीजन होता है, लेकिन इस बार बारिश-आंधी ने सीजन में होने वाली बिक्री को कम कर दिया है। अब उमस वाली गर्मी हो रही है। कारोबारियों को उमस वाले मौसम से उम्मीद है कि इसमें बिक्री बढ़ेगी।
बीते मई महीने में मौसम के उतार-चढ़ाव से इलेक्ट्राॅनिक बाजार पर काफी असर पड़ा है। शहर में इलेक्ट्राॅनिक की दुकान चलाने वाले गौरव गर्ग बताते हैं कि कूलिंग आइटम का सीजन अप्रैल, मई और जून तक ही रहता है। मई में लू न चलने से कूलर का बाजार नहीं उठा। फ्रिज की बिक्री भी सामान्य रही। सूखी गर्मी में ही बिक्री ज्यादा होती है। देखते हैं जून में बाजार का क्या हाल रहता है।
उन्होंने कहा कि अब बस एयर कंडीशन के बाजार से ही उम्मीद है, क्योंकि बारिश के बाद उमस बढ़ने से एसी की बिक्री बढ़ती है। वहीं कबाड़ी मार्केट के इलेक्ट्राॅनिक आइटम के कारोबार सतीश कुमार का कहना है कि एसी व कूलर के जो भी ऑर्डर मिले हैं वह संस्थानों से मिले हैं। घरेलू ग्राहकों की खरीदारी काफी कम रही है।
इस बार कई दिनों तक आंधी-बारिश के मौसम की वजह से कूलर, एसी की बिक्री कम हो रही है। मई और जून महीने में लू चलती है, लेकिन इस बार लू न के बराबर रही। जून की शुरुआत भी कूल-कूल हुई है। अभी भी तापमान 33 से 35 डिग्री के आसपास है। ऐसे में कूलिंग आइटमों की मांग कम हो रही है।