-फोटो 66 : दुकान पर साड़ी खरीदने के लिए पहुंची महिलाएं। संवाद
बहादुरगढ़। शादियों का सीजन शुरू हो गया है। 2 नवंबर को देवउठनी एकादशी पर शहर में 100 से अधिक शादियां होने का अनुमान है। इसको लेकर बाजार पूरी तरह तैयार हैं। फूल विक्रेताओं ने भी तैयारी की है। आम दिनों के मुकाबले इस दिन के लिए अधिक फूल मंगवाए हैं। वहीं शहर के बाजारों में दुकानों पर रंग-बिरंगे लहंगे भी सज गए हैं। साड़ियां खरीदने के लिए महिलाएं पहुंच रही हैं। बाजारों में लहंगों की कीमत भी 3300 रुपये से शुरू होकर 25 हजार रुपये तक है।
नाहरा-नाहरी रोड के साड़ी विक्रेता भारत भूषण ने बताया कि यूं तो शादी सीजन शुरू होने से दो महीने पहले ही खरीदारी शुरू हो जाती है लेकिन अब नजदीक आने के बाद महिलाएं साड़ी और लहंगे खरीदने के लिए दुकानों पर पहुंच रही हैं।
बाजार में 3300 रुपये से लेकर 25 हजार तक के लहंगे और साड़ियां हैं लेकिन अधिकतर महिलाएं 8 हजार से लेकर 15 हजार रुपये के लहंगे खरीद रही हैं, तीन से सात हजार रुपये की साड़ी की बिक्री ज्यादा है।
अक्तूबर में 3 हजार से 8 हजार की लगभग 200 से अधिक साड़ी और 8 से 15 हजार रुपये के 50 से अधिक लहंगे बेच चुके हैं। दुल्हनों को खासतौर पर बनारसी और रजवाड़ा समेत जयपुरी लहंगे पसंद आ रहे हैं। खासतौर पर मीनाकारी वर्क ने इनकी खूबसूरती में चार चांद लगा दिए हैं।
वहीं रेलवे रोड के साड़ी विक्रेता पुरुषोत्तम गोयल बताते हैं कि हाल ही में कई सेलिब्रिटी दुल्हनों ने पारंपरिक और भारी-भरकम लहंगे पहने जिससे यह ट्रेंड और बढ़ गया है। इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल तस्वीरों ने रजवाड़ा लहंगे की लोकप्रियता को नई ऊंचाई दी है।