झज्जर। झज्जर शहर को एक बेहतर शहर बनाने के लिए नगर परिषद योजना तैयार कर रहा है। इसके लिए शहर के अंदर आने वाले सभी मुख्य मार्गों का नवीनीकरण किया जाएगा।
शहर के अंदर आने वाले सभी मुख्य मार्गों की सड़क को ठीक करवाया जाएगा। इसके अलावा जो मार्ग चौड़े हैं, उनके बीच में डिवाइडर बनाए जाएंगे। डिवाइडर के बाद वहां पर लाइट लगवाई जाएंगी। साथ ही पौधे भी लगाए जाएंगे। इसके लिए नगर परिषद चेयरमैन ने संबंधित तकनीकी विभाग को इस पर काम करने के निर्देश जारी किए हैं। इसका पूरा एस्टीमेट तैयार करवाया जाएगा, जिसमें सड़क से लेकर डिवाइडर, लाइट, पौधे आदि के बारे में डिटेल तैयार करवाई जाएगी। उम्मीद है कि नए साल में यह काम शुरू हो जाएगा।
शहर में नालों का भी दोबारा होगा निर्माण
शहर में अधिकतर नालों की हालत बेहद खराब है। कहीं कोई नाला टूटा हुआ है तो कहीं नालों से पानी की निकासी नहीं है। कहीं गंदगी ज्यादा होने के कारण नाले जाम पड़े हुए हैं। शहर के सभी नालों का निर्माण भी नगर परिषद की तरफ से दोबारा करवाया जाएगा ताकि नाले जाम होने की समस्या को दूर किया जा सके।
इन मार्गों का होगा सुधार
-कोसली रोड
-रेवाड़ी रोड
-रोहतक रोड
-सांपला रोड
-गुरुग्राम रोड
-सोनीपत रोड
-ग्वालिसन रोड
शहर के अंदर आने वाले सभी मुख्य मार्गों का नवीनीकरण व सुधारीकरण किया जाएगा। इसके लिए तकनीकी अधिकारियों को परियोजना तैयार करने को कहा गया है। शहर के नालों को भी दोबारा बनाया जाएगा।
- जिले सिंह सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद, झज्जर