झज्जर। शहर थाना पुलिस के पास आए एक गुमनाम पत्र से हड़कंप मच गया है। इस पत्र में जिले में संचालित धार्मिक जागरण समिति, मंडल और सामाजिक सोसाइटियों पर चंदा वसूली करने पर कार्रवाई करने की मांग की गई है।
शहर थाना पुलिस मंगलवार को व्यापार मंडल के अध्यक्ष राकेश अरोड़ा से मिली और संबंधित पत्र को लेकर जानकारी ली। अध्यक्ष ने पत्र से संबंधित कोई जानकारी होने से इन्कार किया है।
पत्र में लिखा गया है कि जिले के सभी दुकानदार व व्यापारियों के सामने विकट समस्या पैदा हो गई है। कुछ धार्मिक संगठन, जागरण मंडली रोज चंदा मांगने के लिए दुकानों पर खड़े रहते हैं। अपनी मनमर्जी से धन एकत्रित करने की एवज में अत्यधिक बोझ डालते हैं।
लिखा कि जितने भी धार्मिक संगठन शहर में चल रहे हैं, उनमें से कुछ ही रजिस्टर्ड हंै बाकी सभी फर्जी तरीके से पैसे एकत्रित कर रहे हैं। जो समिति पंजीकृत हैं, वह वार्षिक आयोजन करने के बहाने से एकत्रित की हुई धनराशि को सरकार से छिपाकर आईटीआर में बहुत कम धनराशि दिखाते हैं।
सभी चंदा रसीद को गुप्त करके छिपाया जाता है। ये मंडली संकीर्तन के नाम पर कई लाख रुपये भजन गायक को देते हैं। एक साल में करोड़ाें रुपये संकीर्तन के नाम पर एकत्रित किए जा रहे हैं। इस मामले की जांच की मांग की गई है।