बेरी। गत दिवस छोछी-छारा मार्ग स्थित एमएस रिहान पेट्रो रिफाइनरी में काम करने वाले दो मजदूरों के बीच शराब पीने के बाद हुए विवाद में हत्या होने के मामले में पुलिस ने मजदूर गोपाल का झज्जर के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा कर कंपनी के मालिक को शव सौंप दिया।
कंपनी के मालिक की शिकायत पर हत्या की एफआईआर दर्ज की गई हैं। फिलहाल हत्या का आरोपी लखीमपुर खीरी निवासी सचिन गिरी अभी फरार है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। यहां बता दें कि लखीमपुर खीरी निवासी मजदूर सचिन गिरी और नेपाल निवासी 35 वर्षीय गोपाल दोनों मजदूर रिफाइनरी में काम करते थे।
बताया जा रहा है कि रविवार को दोनों ने शराब पी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच हाथापाई होने लगी।
इसी दौरान लखीमपुर खीरी निवासी मजदूर सचिन गिरी ने तार का इस्तेमाल करते हुए दूसरे मजदूर गोपाल का गला दबा दिया। गंभीर हालत में मजदूर को संभालने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव कंपनी मालिक को सौंप दिया।
इस मामले में मृतक का कोई भी परिजन सिविल अस्पताल नहीं पहुंचा। बताया जा रहा है कि मजदूर गोपाल भी बार-बार काम बदलता रहता था। मृतक के पास ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसके परिजनों से संपर्क किया जा सके। पुलिस ने शव को भी अंतिम संस्कार के लिए कंपनी मालिक को सौंप दिया।
वर्जन
छोछी-छारा मार्ग स्थित एमएस रिहान पेट्रो रिफाइनरी में एक मजदूर की हत्या के मामले में शव का झज्जर के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर कंपनी के मालिक को सौंप दिया गया। कंपनी के मालिक की शिकायत पर ही हत्या की एफआईआर दर्ज की गई हैं।
दिनकर, दुजाना थाना, प्रभारी