06jjrp10- शहर में घर-घर से कूड़ा उठान करती गाड़ी। स्रोत-नप
झज्जर। घर-घर से कूड़ा उठान का नियमित टेंडर लगभग 6 माह से खत्म है। बार-बार अस्थायी टेंडर को आगे बढ़ाया जा रहा है। नए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और पिछले दो माह से रेट अप्रूवल के लिए मुख्यालय को फाइल भेजी हुई है। हाई पावर परचेज कमेटी की बैठक न होने के कारण यह फाइल अभी तक अटकी हुई है।
अब इस फाइल को मंजूरी मिलने की उम्मीद है क्योंकि 8 दिसंबर को मुख्यमंत्री हाई पावर परचेज कमेटी की बैठक लेंगे। इसमें झज्जर, रेवाड़ी के घर-घर कूड़ा उठान के टेंडरों की रेट अप्रूवल पर चर्चा कर उसकी मंजूरी प्रदान की जाएगी। झज्जर में लगभग 12 करोड़ रुपये का टेंडर मंजूरी के लिए भेजा हुआ है।
इसमें कमेटी की तरफ से फाइनल रेट अप्रूवल किए जाएंगे। उसके बाद नगर परिषद की तरफ से फर्म को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया जाएगा। बता दें कि पिछले 6 माह से छोटे टेंडर बार-बार आगे बढ़ाए जा रहे हैं। इसमें पहले 35 लाख रुपये का टेंडर तीन माह के लिए दिया गया था।
इसके बाद उसे तीन माह के लिए आगे बढ़ाया गया। फिलहाल यह टेंडर चल रहा है। अब सरकार से मंजूरी मिलने के बाद पांच साल के लिए टेंडर जारी होगा।
कई जगहों पर नहीं जा रही गाड़ी
कई जगहों पर घर-घर कूड़ा उठान की गाड़ियां नहीं रही। कई जगहों पर एक दिन छोड़कर गाड़ी जाती है जिस कारण घरों में कचरा एकत्रित हो जाता है। नया टेंडर जारी होने के बाद प्रतिदिन गाड़ियां घरों तक पहुंच सकेंगी क्योंकि सभी घरों के बाहर चिप सिस्टम भी लागू किया जाएगा।
पिछले दिनों हुई बैठक में पार्षदों ने शहर की सफाई को लेकर नाराजगी जाहिर की थी। उनकी मांग थी कि गाड़ियां प्रतिदिन सही समय पर जानी चाहिए।
वर्जन
घर-घर कूड़ा उठान के टेंडर की फाइल रेट अप्रूवल के लिए मुख्यालय भेजी हुई है। 8 दिसंबर को हाई लेवल परचेज कमेटी की बैठक में इसे रखा जाएगा। उम्मीद है कि सोमवार को मंजूरी मिल जाएगी। उसके बाद वर्क ऑर्डर जारी कर फर्म से काम शुरू करवा दिया जाएगा।
जिले सिंह सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद