बादली। बाढ़सा गांव के दो युवकों की गोली मारकर हत्या के बाद शुक्रवार को दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद गांव में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। गांवों से एक साथ उठे दो-दो युवाओं के शवों को देखकर हर किसी की आंखें नम हो गई। दोनों का अंतिम संस्कार गांव के शमशान घाट में किया गया। इसमें सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण पहुंचे।
गांव में जब से युवाओं की हत्या की जानकारी मिली थी उसी समय से किसी घर में चूल्हा नहीं जला। ग्रामीण फरुखनगर पुलिस थाने भी पहुंच गए। शुक्रवार की सुबह दोनों युवकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा गया। इसके बाद दोपहर को गांव के शमशान घाट में दोनों को अंतिम संस्कार किया गया। शमशानघाट में सभी की आंखों में गम के आंसू झलक रहे थे। हर किसी की जुबान में युवाओं के बच्चों की चिंता सता रही थी। मृतकों के छोटे-छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक संदीप के पास लड़का और एक लड़की है जबकि रामअवतार के पास एक लड़का है। गोलीकांड में सुनील नामक एक युवक गोली लगने से घायल भी हुआ है। उसका उपचार गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।