बादली(झज्जर) देवरखाना गांव में स्थापित केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक अनुसंधान संस्थान के लोकार्पण पर हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान सहित अन्य देशवासियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने योग और आयुष को दुनिया मेंं नई पहचान देने का ऐतिहासिक कार्य किया है। यह प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान केंद्र पीएम मोदी की मुहिम को आगे बढ़ाएगा।
उन्होंने चिरायु आयुष्मान भारत योजना की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसी योजनाओं के बारे मेंं सुनते थे कि अमेरिका और यूरोप मेंं फ्री इलाज होता है। हम कह सकते हैं कि हरियाणा में भी विदेशों की तर्ज पर पांच लाख रुपये तक फ्री इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि आयुष के क्षेत्र में गांव देवरखाना की दुनिया में आज से नई पहचान स्थापित हुई है। उन्होंने कहा कि यह संस्थान आयुष को नई ऊंचाई तक लेकर जाएगा। अब इस अनुसंधान में जो भी रिसर्च कार्य होगा, वह मानव कल्याण के लिए होगा और दुनियाभर में कहा जाएगा कि यह देवरखाना संस्थान की उपलब्धि है। इस अवसर पर डाक्टर राघवेंद्र राव एम निदेशक और डीडीजी सत्यजीत पॉल आयुष मंत्रालय भारत सरकार, डीसी शक्ति सिंह, एसपी अर्पित जैन, एडीसी सलोनी शर्मा,
जिला अध्यक्ष राजपाल जांगड़ा, डॉक्टर जयदीप आर्य मौजूद रहे।
वर्ल्ड मैप पर आया देवरखाना: अरविंद शर्मा
सांसद डाॅक्टर अरिवंद कुमार शर्मा ने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में आज नए आयाम स्थापित हुए है। देवरखाना खाना वल्र्ड मैप पर आ गया है। उन्होंने कहा कि आरोग्य धाम बाढ़सा में राष्ट्रीय कैंसर संस्थान और प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान शुरू होने से अनेक स्वरोजगार के अवसर पैदा होंगे। चिकित्सा के क्षेत्र में निवेश के नए अवसर पैदा होंगे जिससे पूरे क्षेत्र को गर्व की अनुभूति होगी।
संस्थान में 200 बैड पर मिलेगी सुविधाएं
संस्थान के निदेशक सत्यजीत पॉल ने बताया कि लगभग 19 एकड़ के एरिया में 64 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 200 बैड के इस योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के उत्कृष्ट केंद्र में लाइफ स्टाइल से जुड़े रोगों की रोकथाम और चिकित्सा पर फोकस रहेगा। प्राकृतिक चिकित्सा के इस अस्पताल मे ओपीडी ब्लॉक, ट्रीटमेंट ब्लाक, योग एवं खान-पान ब्लॅाक की सुविधाएं होंगी।