10jjrp21- शहर के विकास कार्यों को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेते डीसी। स्रोत
झज्जर। उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने बुधवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें शहर के प्रमुख चौराहों के सुंदरीकरण पर जोर दिया। डीसी ने निर्देश दिए कि शहर में जहां भी हालिया बारिश के कारण सड़कों पर जो गड्ढे हो गए हैं उन्हें निर्धारित समयावधि के भीतर भर दिया जाए।
कई सड़कों के टेंडर स्वीकृत हो चुके हैं और उनका निर्माण कार्य भी जल्द ही शुरू किया जाएगा। बढ़ती बेसहारा पशु समस्या पर उपायुक्त ने कहा कि ऐसे सभी पशुओं को चिन्हित कर गोशालाओं में शिफ्ट किया जाए। यह कार्य पशुपालन विभाग, नगर परिषद और पुलिस प्रशासन के सहयोग से किया जाए ताकि सड़कों पर दुर्घटनाओं की संभावनाएं कम हों।
डीसी ने झज्जर शहर के नालों की समयबद्ध सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह कार्य न केवल मानसून के दौरान बल्कि नियमित रूप से किया जाना चाहिए ताकि जल निकासी बाधित न हो और बीमारियों से बचाव हो सके।
बैठक में डीएमसी डॉ. सुशील कुमार, नगर परिषद चेयरमैन जिले सिंह सैनी, एक्सईएन (जनस्वास्थ्य विभाग) अश्विनी सांगवान मौजूद रहे। डीसी ने कहा कि सभी विभाग आपसी संवाद और समन्वय से काम करें जिससे नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।