झज्जर। रोहतक लोकसभा सीट के चार विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना मंगलवार को नेहरू कॉलेज में होगी। सुबह आठ बजे मतगणना शुरू होगी। करीब नौ बजे से रुझान आने शुरू हो जाएंगे और दो बजे तक मतगणना पूरी होने की उम्मीद है। 26 मई को ईवीएम में कैद हुआ 27 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला हो जाएगा। सुरक्षा के लिए 600 पुलिस कर्मचारियों-अधिकारियो को तैनात किया गया है।
रोहतक लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले झज्जर जिले की चार विधानसभा सीटों के लिए मतगणना का काम मंगलवार सुबह 8 बजे से राजकीय नेहरू कॉलेज में शुरू होगा और दोपहर 12 बजे तक स्थिति साफ हो जाएगी कि आखिर कौन बाजी मारेगा। मतगणना का पहला रुझान 9 बजे तक आने की उम्मीद है। जिले की चारों विधानसभा झज्जर, बहादुरगढ़, बेरी और बादली की मतगणना राजकीय नेहरू कॉलेज में होगी। नेहरू कॉलेज में चारों विधानसभा की मतगणना के लिए अलग से प्रबंध किए गए हैं। मतगणना कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा वीडियोग्राफी कराई जाएगी। प्रत्येक टेबल पर तीन सदस्यों का स्टाफ नियुक्त किया गया है, जिनमें काउंटिंग सुपरवाइजर, काउंटिंग सहायक व काउंटिंग माइक्रो आब्जर्वर शामिल होंगे। मतगणना के लिए रिजर्व स्टाफ की भी व्यवस्था की गई है।