the crook was going to kill the man who abuse his girlfriend
- फोटो : Bahadurgarh
एक ही दिन में बहादुरगढ़ और नजफगढ़ में हत्या की दो वारदात को अंजाम देने वाले तीन बदमाशों को द्वारका पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने नजफगढ़ से गिरफ्तार किया है। ये बदमाश नजफगढ़ इलाके में एक युवक ही हत्या करने जा रहे थे। वारदात को अंजाम देने से पहले ही बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इनसे एक रिवाल्वर, देसी कट्टा, कारतूस आदि बरामद किए गए हैं। फिलहाल दिल्ली पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।
पकड़े गए बदमाशों की पहचान मयंक निवासी पपरावट दिल्ली, कपिल निवासी बहादुरगढ़ व सचिन गुलिया निवासी नजफगढ़ के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, कपिल की गर्लफ्रेंड को किसी युवक ने गाली दे दी थी। गर्लफ्रेंड की बेईज्जती एवं गालियों का बदला लेने के लिए कपिल ने अपने इन दोनों साथियों के संग उक्त युवक को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। इससे पहले कि ये अपने मंसूबों में कामयाब हो पाते, इंस्पेक्टर नवीन की नेतृत्व वाली टीम ने इन्हें नजफगढ़ से काबू कर लिया। इन तीनों आरोपियों पर बहादुरगढ़ व छावला थाने में केस दर्ज हैं। द्वारका जिला पुलिस के डीसीपी एंटो अलफोंसे ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बहादुरगढ़ व नजफगढ़ में हत्याएं करने की वारदात कुबूल कर ली हैं। अन्य मामलों के खुलासे के लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
26 अक्तूबर को की थी हत्याएं
गत 26 अक्तूबर की दोपहर बहादुरगढ़ के लाइनपार क्षेत्र के निवासी सन्नी डाबला की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वहीं दूसरी तरफ पपरावट गांव के निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू की भी इसी दिन हत्या हुई थी। ये दोनों ही हत्याएं इन आरोपियों द्वारा पुरानी रंजिश के चलते की गई थी। सन्नी की हत्या करने के बाद ये पपरावट गए और जीतू को मौत के घाट उतारा।
प्रोडक्शन वारंट पर लाएगी पुलिस
लाइनपार निवासी सन्नी डावला की 26 अक्तूबर को हत्या की गई थी। उस दौरान परिजनों द्वारा कुछ युवकों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था। पकड़े गए तीनों बदमाशों में तो ऐसा कोई नहीं है, जिनके नाम परिजनों द्वारा पुलिस को दिए गए। जिनके पर परिजनों ने आरोप लगाए थे, उनके साथ भी सन्नी का झगड़ा हुआ था और जो ये तीन आरोपी पकड़े गए हैं, इन्होंने भी पुरानी रंजिश बताई है। अब असल कारण क्या है, ये तो जब स्थानीय पुलिस इन्हें प्रोडक्शन वारंट पर लाएगी तो ही इसका खुलासा हो पाएगा। लाइनपार थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने कहा कि वे मामले की जांच कर रहे हैं। उक्त केस में किसी आरोपियों के दिल्ली में गिरफ्तार होने की सूचना उनके पास नहीं है। यदि पकड़े हैं तो जल्द ही उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा।