झज्जर। जिला परिषद हाउस की बैठक मंगलवार पार्षदों के उठाए सवालों से गर्म रही। पार्षदों ने सवाल उठाया कि पहले वाले कूलर ठीक नहीं हो रहे हैं। ऐसे में 76 नए क्या चलेंगे। खराब स्ट्रीट लाइट तक ठीक नहीं हो पा रही है। बैठक मंगलवार को जिला परिषद कार्यालय में चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना की अध्यक्षता में हुई।
एडीसी जगनिवास की मौजूदगी में बैठक में 23 करोड़ रुपये स्टांप ड्यूटी और दो करोड़ रुपये स्टेट ग्रांट कुल 25 करोड़ से विकास कार्य करवाने पर सहमति बनी। यहां पार्षदों ने समान विकास कार्य व समान ग्रांट वितरण की मांग की इस पर चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना ने बताया कि पिछली बैठक में प्रस्ताव पारित कर दिया है।
पार्षदों ने गांवों की फिरनी पर लगी स्ट्रीट लाइट के खराब होने की शिकायत रखी। कहा कि जब लाइट लगी थी तो सरपंच उसकी वाहवाही लूट गए और जब खराब हुई तो ठीक नहीं करवाई जा रही। लंबे समय से लाइट खराब पड़ी हैं।
चेयरमैन ने बताया कि एजेंसी और सरकार के बीच मामला चल रहा है। इस बारे में संबंधित विभाग से बात की जाएगी। बैठक में पार्षदों ने नए कूलर खरीद की जानकारी मांगी तो बताया गया कि 76 नए कूलर खरीदे जाएंगे।
इस पर कुछ पार्षदों ने सवाल उठाया कि जब पहले वाले ही ठीक नहीं हो रहे तो नए लगाकर क्या करेंगे। पार्षद संजय दलाल ने कहा कि लंबे समय से ठेकेदारों का भुगतान नहीं हो रहा है इस कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
पार्षद प्रतिनिधि योगेश सिलानी ने गांवों में लगाए गए बस क्यू शेल्टर पर उनके फोटो न होने की बात कही। उन्होंने बताया कि एक क्यू शेल्टर पर फोटो सही लगा है लेकिन दूसरे पर चेयरमैन की पांच और उनकी एक फोटो लगी है। उनकी भी पांच फोटो लगनी चाहिए।
पार्षद अमित भदानी ने कहा कि क्यू शेल्टर पर उनका फोटो क्यों नहीं लगाया गया। इस पर चेयरमैन ने कहा कि फोटो लगाया गया था लेकिन उसे किसी ने फाड़ दिया। बैठक में मनरेगा के तहत कार्यों को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। पार्षदों से कहा कि वे मनरेगा के तहत अधिक से अधिक कार्य प्रस्तावित करें।
इस दौरान पार्षद योगेश सिलानी ने कहा कि यदि 3 लाख दिवस का लक्ष्य पूरा नहीं हुआ तो कोई भी पार्षद हस्ताक्षर नहीं करेगा। एक पार्षद ने एसडीओ को ठेकेदार की पेमेंट रोकने के लिए भी कहा। पार्षदों ने मनरेगा के तहत काम के लिए बोला तो चेयरमैन ने कहा अब वीबी जी राम जी नाम हो चुका है।
बैठक में नौगांव में बीमारी के चलते पशुओं की हुई मौत पर सीएम नायब सैनी को पत्र लिखकर पशुपालकों को मुआवजा दिलाने की सहमति बनी। इसके लिए सभी पार्षदों के हस्ताक्षरयुक्त पत्र भेजा जाएगा।
चेयरमैन कप्तान बिरधाना ने बताया कि जिप की तरफ से हर वार्ड में करवाए गए विकास कार्यों को लेकर एक काफी टेबल बुक निकालने की योजना है, जिसमें वार्ड अनुसार विकास कार्यों की जानकारी व पार्षद की फोटो छपेगी।
इसका बाद में किसी मंत्री या मुख्यमंत्री से उद्घाटन करवाया जाएगा। एडीसी जगनिवास ने पार्षदों को सलाह दी कि वे अपनी मांगों के स्पष्ट एस्टीमेट तैयार कराएं ताकि उन्हें जल्दी मंजूरी मिल सके। सही एस्टीमेट मिलने से जेई को काम आगे बढ़ाने में आसानी होती है और समस्याओं का समाधान तेजी से हो सकता है।
84 लाख खर्च नहीं हुए
वार्ड 10 पार्षद भोलू पार्षद ने कहा कि पिछली बैठक में कई प्रस्ताव दिए गए थे, लेकिन अब तक उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि 84 लाख रुपये का बजट आया हुआ था्र लेकिन काम नहीं करवाए गए। इस पर चेयरमैन कप्तान बिरधाना ने कहा कि 84 लाख रुपये में से प्रत्येक वार्ड को मात्र 4 लाख रुपये ही मिलते हैं। इससे कोई बड़ा काम कर पाना संभव नहीं है। अब 23 करोड़ स्टांप ड्यूटी के आए हैं। अब विकास के काम होंगे।