फोटो 90: अस्पताल में उपचाराधीन अंकिता। संवाद
बहादुरगढ़। लाइनपार नेताजी नगर में अज्ञात कारणों के चलते एक मां सहित उनकी तीन बेटियों की हालत बिगड़ गई। गंभीर हालत में उन्हें उपचार के लिए शहर के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दो लड़कियों को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया है। चारों का उपचार जारी है।
उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ की निवासी गुड्डी अपने परिवार सहित नेताजी नगर में किराये के मकान में रहती है और निजामपुर रोड स्थित एक फैक्टरी में काम करती है। उसके पति सेक्टर-17 स्थित एक फैक्टरी में काम करते हैं। परिवार के सभी सदस्य रात को खाना खाकर सोए थे, सुबह जब उठे तो गुड्डी, उसकी बेटी अंकिता (13), रोशनी (12), उजाला (8) की हालत बिगड़ गई।
चारों के पेट में दर्द, उल्टियां हो रही थी। इस पर जब पड़ोसियों की नजर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस व एंबुलेंस मौके पर पहुंची और चारों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रोशनी व उजाला को पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया।
महिला के पति जोगिंद्र का कहना है कि रात को उसकी पत्नी और बेटियों ने चाऊमिन और समोसा खाया था। सुबह उठी तो उनकी तबीयत बिगड़ी हुई थी और बेहोशी की हालत में थी। चर्चा यह भी है कि शायद सर्दी से बचने के लिए उन्होंने कमरे में अलाव रखा हो, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ी हो या उनके खाने में कुछ मिलाया गया हो।
फोटो 90: अस्पताल में उपचाराधीन अंकिता। संवाद