बहादुरगढ़। सनातन रक्षा दल की ओर से रविवार को शहर के विभिन्न स्थानों से खंडित मूर्तियां, पुराने धार्मिक चित्र व पूजन सामग्री एकत्र कर विधिपूर्वक निस्तारण किया गया। यह सामग्री लोग दीपावली के दौरान मंदिरों के आसपास व सार्वजनिक स्थानों पर रख देते हैं जिससे सनातन परंपराओं का अपमान हो जाता है।
रविवार सुबह 7 बजे से साढ़े 10 बजे तक ट्रैक्टर व छोटा हाथी वाहनों के माध्यम से सामग्री एकत्र की गई। सेक्टर–2 के सामने एक बड़ा गड्ढा खोदकर उसमें जल भराव कर पूरे विधि-विधान से निस्तारण किया गया।
इस अभियान में रक्षा दल के महासचिव अश्वनी कुमार बराही, सुशील भारद्वाज, नीरज वत्स, राजेश आर्य, पूजा छिल्लर, नागेंद्र लाकड़ा, भूपेंद्र, अजीत आनंद, वीरेन और रामलीला कमेटी परनाला के सदस्य व अन्य पदाधिकारियों ने श्रमदान किया।
अश्वनी कुमार बराही ने कहा कि जिन देवी-देवताओं की वर्षभर पूजा की जाती है, उन्हें इधर-उधर छोड़ना या फेंकना भूलवश भी सनातन का अपमान है। उन्होंने आमजन से अपील की कि पुराने चित्र व मूर्तियों का हवन विधि से या गड्ढा खोदकर जल डालकर निस्तारण करें।