बहादुरगढ़। कांग्रेस से पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह जून ने कहा कि भाजपा सरकार हरियाणा के युवाओं के हक से खुला खिलवाड़ कर रही है। भाजपा प्रदेश की सरकारी नौकरियों को बाहर देने की साजिश रच रही है। इस तरह की साजिश हरियाणा बिजली विभाग में पदों की भर्ती को लेकर सामने आई है।
जून ने कहा कि बिजली विभाग की भर्ती प्रक्रिया में दस्तावेज सत्यापन के लिए सामान्य वर्ग के 214 अभ्यर्थियों को बुलाया गया है जिनमें से केवल 29 ही हरियाणा के हैं। यह आंकड़ा अपने आप में भाजपा सरकार की रोजगार नीति की सच्चाई उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश के युवा वर्षों से सरकारी नौकरियों का इंतजार कर रहे हैं उन्हें ही हाशिये पर धकेला जा रहा है। जून ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनावों के समय स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के बड़े-बड़े वादे करती है लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हीं वादों को भुला दिया जाता है।