बहादुरगढ़। पटेल नगर रोड पर नगर परिषद और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। कार्रवाई के दौरान टीम ने सड़क पर लगाए गए शुक्र बाजार की रेहड़ियों और दुकानों को हटाने के लिए बुलडोजर चलाया, जिसके चलते कई दुकानदारों की सब्जियां और सामान कुचले गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में पुलिस और नगर परिषद कर्मी दुकानदारों को हटाते और सब्जी मंडी में बुलडोजर चलाते दिख रहे हैं। घटना के बाद इलाके में मिली जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली है। कुछ लोग इस कार्रवाई को सही ठहरा रहे हैं तो कई लोगों ने इसे गरीब दुकानदारों के साथ गलत बताया है। वीडियो में नजर आ रहा है कि कई सब्जी विक्रेता अपनी सब्जियां बचाने की कोशिश कर रहे हैं, मगर पुलिस ने उन्हें पीछे हटा दिया।
सोशल मीडिया पर जेपी सरोहा ने कहा कि यह तरीका बिल्कुल गलत है। किसी गरीब के पेट पर लात मारना इंसानियत नहीं है। वहीं सुरेंद्र सिंह ने भी प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि गरीबों के साथ ऐसा व्यवहार उचित नहीं है। शिवकुमार का कहना है कि गरीबी वाकई एक अभिशाप बन गई है। वहीं अनिका नाम की युवती ने कहा कि इनका जोर सिर्फ गरीबों पर ही चलता है।
हालांकि, कुछ लोगों का यह भी कहना है कि दुकानदारों को कई बार समझाया जा चुका है कि सड़क पर दुकानें न लगाएं क्योंकि इससे यातायात बाधित होता है। फिर भी वे बार-बार सड़क किनारे दुकानें लगा लेते हैं, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है। ऐसे में प्रशासन की कार्रवाई को सही ठहराया जा रहा है।
हर शुक्रवार को लगता है बाजार
पटेल नगर रोड पर हर शुक्रवार को बाजार लगता है। पहले भी यहां भीड़ और ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर बाजार को हटाया गया था। उस समय छोटे दुकानदारों ने विधायक और भाजपा नेता दिनेश कौशिक से मिलकर अपनी परेशानी बताई थी, जिसके बाद यह सहमति बनी थी कि कोई भी दुकानदार सड़क पर अतिक्रमण नहीं करेगा।
गत दिवस शुक्रवार को जब यातायात पुलिस और नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची तो कई दुकानदारों ने फिर से सड़क किनारे दुकानें लगा रखी थी। इसके चलते टीम ने एसीपी दिनेश कुमार और यातायात प्रभारी महेश कुमार की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए दुकानों को हटवाया। हालांकि, इस दौरान हुई अव्यवस्था और बुलडोजर से सब्जियां खराब होने पर लोगों में आक्रोश व्याप्त है।