साल्हावास। गांव मातनहेल में अपनी मां की हत्या करने के आरोपी एयरफोर्स में हवलदार बेटे से पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि उसकी मां व पत्नी के साथ उसकी अनबन चल रही थी। इसी घरेलू कलह के चलते उसने अपनी बुजुर्ग मां कृष्णा की हत्या की।
मां की हत्या करने के बाद वह छिपता रहा। रात के समय रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर आकर सो जाता था। एक सप्ताह तक किसी को इस बात की भनक तक नहीं लगी कि हत्या करने के बाद आरोपी प्रवीण कहां हैं। मां की हत्या करने के बाद आरोपी ने झज्जर बस स्टैंड, रेवाड़ी रेलवे स्टेशन व कोसली रेलवे स्टेशन पर रात गुजारी हैं। इतना ही नहीं वारदात का अंजाम देने से पहले ही उसने अपने मोबाइल फोन को स्विच ऑफ कर दिया था ताकि उसकी लोकेशन का पता नहीं चल सके। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद चार दिन की रिमांड पर लिया है। चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि आरोपी प्रवीण को न्यायालय के आदेश पर चार दिन के रिमांड पर लिया हुआ है। एक अगस्त को उनका रिमांड पूरा हो जाएगा उसके बाद न्यायालय में पेश करने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।