झज्जर। मुलतान सभा का 26वां वार्षिक विराट संत सम्मेलन आगामी 5 दिसंबर से आरंभ होगा। तीन दिवसीय यह कार्यक्रम रामानंद कृष्णानंद गिरि महाराज की अध्यक्षता में आयोजित किया जायेगा। कार्यक्रम से पूर्व आगामी 25 नवंबर को स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रीराम मंदिर में श्री रामबाण महिला कीर्तन मंडली की तरफ से अमृतवाणी का पाठ व कीर्तन किया जाएगा। मुलतान सभा के प्रधान प्रवीण सुखीजा ने बताया कि 5 दिसंबर से होने वाले कार्यक्रम के अंतर्गत पहले दिन श्री अमरधाम हरिमंदिर फर्रुखनगर के पीठाधीश्वर स्वामी उमानंद के प्रवचन होंगे। वहीं, इसी दिन प्रेम मंदिर पानीपत से बृज रसिका दीदी मीनाक्षी कृष्ण भजनामृत की वर्षा करेंगी। कार्यक्रम के दूसरे दिन आश्रम हरि मंदिर पटौदी के पीठाधीश्वर स्वामी धर्मदेव मुख्य वक्ता होंगे। इसी दिन हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉक्टर कृष्ण मिड्ढा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के अंतिम दिन रविवार को सत्संग के बाद समष्टि भंडारा होगा।