संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। सरकारी स्कूलों से सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों को अब टेबलेट और सिम को स्कूल में जमा करवाना होगा। शिक्षक सेवानिवृत्त होने पर टैबलेट और सिम घर नहीं ले जा सकेंगे। उन्हें टैबलेट और सिम स्कूल की लाइब्रेरी में जमा करवाकर उसका प्रमाणपत्र लेना होगा।
स्कूल शिक्षा निदेशालय ने यह आदेश सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को जारी किया है। विभाग के संज्ञान में आया था कि कुछ स्थानों पर सेवानिवृत्त होने के बाद कुछ शिक्षकों ने टैबलेट और सिम स्कूल में जमा नहीं करवाया। बार-बार उनको अवगत भी कराया गया लेकिन शिक्षक उसे जमा नहीं करा रहे थे। यही नहीं विभाग की तरफ से कोई लिखित निर्देश भी नहीं था कि शिक्षकों की सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें टैबलेट और सिम वापस स्कूल में जमा कराने हैं या नहीं? लेकिन विभाग की तरफ से स्पष्ट आदेश जारी किया है कि शिक्षक सेवानिवृत्ति के साथ ही सिम और टैबलेट को स्कूल में जमा करवाएंगे ताकि नए शिक्षक को उसे जारी किया जा सके। सिम बंद करने बारे भी पोर्टल पर आवेदन किया जाएगा।
बच्चों से भी वापस लिए जाएंगे टैबलेट, सिम
सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थी जिन्होंने दूसरे स्कूलों में दाखिला ले लिया है। ऐसे विद्यार्थियों को एसएलसी जारी हो चुकी है। शिक्षकों से कहा गया है कि ऐसे विद्यार्थियों से टैबलेट और सिम वापस लें। उनके सिम डिएक्टिवेट करने बारे भी आवेदन किया जाएगा ताकि टैबलेट दूसरे बच्चों को आवंटित हो सके।
वर्जन
जो शिक्षक सेवानिवृत्त हो चुके हैं, वे अब टैबलेट और सिम नहीं रख पाएंगे। उन्हें टैबलेट और सिम स्कूल में जमा कराना होगा। हालांकि ऐसा कोई शिक्षक नहीं है, जिन्होंने अपने सिम और टेबलेट स्कूल में जमा नहीं करवाए हों। यह नए आदेश मुख्यालय की तरफ से जारी हुए हैं। इनका पालन कराया जाएगा।-विक्रम सिंह, नोडल ऑफिसर, ई-अधिगम, झज्जर।