हाल ही में टर्की में संपन्न हुई वर्ल्ड स्कूल कराटे चैंपियनशिप में बहादुरगढ़ का मंजीत छाया रहा। मंजीत ने रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। उसकी जीत पर इलाके के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई। खेल प्रेमियों द्वारा उसका जोरदार अभिनंदन किया गया।
गत 11 से 18 जुलाई को टर्की के ट्रब्जोन शहर में इंटरनेशनल स्कूल फेडरेशन की ओर से खेलों का आयोजन किया गया। इसमें 10 देशों के खिलाड़ियों ने दम दिखाया। बहादुरगढ़ के मंजीत ने तीन मुकाबले लड़े। बेहतरीन प्रदर्शन के बूते मंजीत ने चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया। उसकी जीत से परिजनों व उसके प्रशंसकों में खुशी की लहर दौड़ गई। जीतकर कर लौटने पर उसका जोरदार अभिनंदन किया गया। मंजीत पिछले तीन वर्षों से मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित साईं सेंटर में कराटे का प्रशिक्षण ले रहा है।
मंजीत ने इससे पूर्व दो बार स्कूली खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण व नेशनल प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन कर कई पदक हासिल किए हैं। पिता महेंद्र सिंह व माता सरोज ने बताया की मंजीत पिछले चार वर्षों से बहुत मेहनत कर रहा है और पदक भी जीत रहा है, लेकिन जिस सम्मान का वह हकदार है वह उसे नहीं मिल रहा। बड़े भाई संदीप ने कहा कि मंजीत बहुत मेहनत कर इस मुकाम पर पहुंचा है। सरकार सभी खेलों को समान नजर से देंखे।