इलाके में आपराधिक वारदात बढ़ती जा रही हैं। सोमवार की सुबह भी गांव सराय औरंगाबाद और टांडाहेड़ी के बीच एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों ने एक किसान से गाड़ी छीन ली। बदमाशों ने गांव का रास्ता पूछने के बहाने गाड़ी चालक को रुकवा कर वारदात को अंजाम दिया। सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपियों और लूटी गई गाड़ी का कोई सुराग नहीं लगा है।
वारदात गांव सराय के निवासी महेंद्र के साथ हुई। जानकारी के मुताबिक, महेंद्र सोमवार की सुबह बेरी रोड स्थित अपने खेतों में जा रहा था। करीब साढ़े पांच बजे घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचा था कि अपाचे बाइक पर सवार तीन युवकों ने उसे रुकवा लिया। पहले तो उससे गांव माजरा का रास्ता पूछा फिर उसे जबरन गाड़ी से निकाल हाथापाई शुरू कर दी। इसके बाद स्विफ्ट गाड़ी लेकर टांडाहेड़ी की तरफ भाग गए। बताया गया है कि अपाचे पर सवार तीन बदमाशों में से बाइक चालक ने मुंह पर मास्क लगा रखा था। अन्य दो बदमाशों ने किसान से कार लूटी। जबकि तीसरा बदमाश बाइक को लेकर भाग गया। महेंद्र ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। वीटी हुई तो सभी नाकों पर मौजूद पुलिस चौकन्ना हो गई। इलाके में घेराबंदी भी की गई, लेकिन शाम तक बदमाशों का पता नहीं लग पाया। वारदात का पता लगाने के लिए पुलिस साइबर सेल की मदद ले रही है। वारदात स्थल के आसपास मौजूद पेट्रोल पंप व अन्य स्थलों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज चेक की जा रही है। पुलिस यह भी जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है कि जिस बाइक पर बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है, क्या वह भी कहीं से चोरी की गई थी या नहीं।
उधर, सदर थाना के अंतर्गत आने वाली एचएल सिटी चौकी के प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में गंभीरता से जांच की जा रही है। बदमाशों का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर यह वारदात सुलझाई जाएगी।