-फोटो 84 : अस्पताल में पहुंचे मृतक अवधेश के परिजन। संवाद
बहादुरगढ़। जाखौदा गांव में युवक छत से गिरा या धक्का दिया गया? युवक की मौत पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस को सीसीटीवी भी हाथ लगा है। इसमें युवक छत से गिरता नजर आ रहा है। मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पता चलेगी।
थाना आसौदा एसएचओ नरेश कुमार का कहना है कि पुलिस जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गांव जाखोदा में 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है। छत से गिरकर मौत की घटना पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मृतक अवधेश (20) निवासी जिला महोबा उत्तर प्रदेश है वह जाखौदा में किराये पर रहकर फैक्टरी में काम करता था। मंगलवार अल सुबह उनका शव घर के नीचे पड़ा मिला। आसपास के लोगों ने संभाला लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। शव को नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़ के शवगृह में रखवाया गया।
मामले ने तब तूल पकड़ा जब मृतक के पिता भागीरथ ने अस्पताल में गंभीर आरोप लगाए। उनके मुताबिक किसान चौक से तीन युवक अवधेश को अपने साथ ले गए थे। उसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि उनका बेटा छत से गिर गया है। मौके पर पहुंचने पर बेटे की मौत हो चुकी थी। उनका आरोप है कि यह सीधा-सीधा हत्या का मामला है।
अवधेश का मोबाइल फोन गायब है जबकि जिन युवकों के साथ वह गया था उनके फोन भी बंद हैं और वे मकान खाली कर भाग गए हैं। ऐसे में मामला और संदिग्ध हो गया है। फिलहाल इस रहस्यमयी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं क्या यह हादसा था या साजिश? जवाब अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिका है।
घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज सामने आई है इसमें युवक गिरता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
- नरेश कुमार, एसएचओ, थाना आसौदा, बहादुरगढ़।