पत्नी की हत्या कर सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव जलाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी पति खेड़ी सुलतान निवासी जतिन को गिरफ्तार किया है। आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपी की मां संगीता, पिता देवेंद्र चौहान और बहन शिवानी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जतिन पत्नी आशा के चरित्र पर शक करता था। आशा फोन पर किसी से बात करती थी जिसे वह रोकता था। इसके चलते उसने पत्नी की हत्या कर दी। 18-19 दिसंबर की रात को जतिन ने आशा की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद श्मशान में शव को जला दिया।
थाना माछरौली प्रबंधक निरीक्षक परमजीत ने बताया कि मृतका आशा की मां राधा ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनकी बेटी की शादी 30 अप्रैल को हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार गांव खेड़ी सुल्तानपुर निवासी जतिन के साथ हुई थी। आरोप लगाया गया कि शादी के बाद ससुराल वालों ने बेटी की हत्या कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए जिससे मामले को सुलझाने में अहम सुराग मिले। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जतिन निवासी खेड़ी सुल्तानपुर को गिरफ्तार कर लिया।