झज्जर। राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत पर महाविद्यालय के आडिटोरियम में विद्यार्थियों का ओरिएंटेशन कार्यक्रम हुआ। नए विद्यार्थियों के आने से कॉलेज कैंपस में रौनक रही और विद्यार्थी भी पहली बार कॉलेज में आकर उत्साहित नजर आए।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. दलबीर सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक महाविद्यालय है। दुनिया तेजी से बदल रही है। विद्यार्थी इसके अनुरूप अपने आपको ढालें और तकनीकी ज्ञान अर्जित करें। समय के अधिकतम सदुपयोग से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। इस सत्र से नई शिक्षा नीति लागू हो गई है। विद्यार्थी इसके अनुरूप अपनी पढ़ाई करें। कॉलेज का माहौल स्कूल से अलग होता है। इसलिए अनुशासन में रहें। मोबाइल का कम से कम प्रयोग करें और समय के प्रबंधन पर ध्यान दें।
मंच संचालन प्राध्यापिका सुनीता बेनीवाल और डॉ. मीनाक्षी ने किया। संगीत विभाग के विद्यार्थियों ज्योति, कपिल, मुस्कान, सचिन, कोमल, चंदू और मेघा ने प्राध्यापिका डॉ. तमसा और डॉ. टीना चावला के निर्देशन में सरस्वती वंदना और समूह गान प्रस्तुत किए। वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. सुरेंद्र कुमार पूनिया ने अनुशासन व्यवस्था, मेंटर ग्रुप तथा पुस्तकालय, डॉ. संदीप कुमार ने टाइम टेबल, उपस्थिति नियमों और नई शिक्षा नीति, प्रदीप यादव ने शैक्षणिक कैलेंडर के बारे में बताया।
आंतरिक मूल्यांकन और विषय परिषदों, एनसीसी अधिकारी श्रीकिशन चाहर ने एनसीसी, डॉ. मीनाक्षी और विकास सुहाग ने एनएसएस, डॉ. श्रीकृष्ण दुहन ने खेलकूद के बारे में बताया। शमशेर ने अनुसूचित जाति छात्रवृत्ति, सुनील कुमार ने पिछड़ा वर्ग छात्रवृत्ति, डॉ. तमसा ने सांस्कृतिक गतिविधियों, सौरभ जैन ने कंप्यूटर शिक्षा, डॉ. अंजू बाला ने महिला प्रकोष्ठ, अशोक कुमार ने निर्वाचन साक्षरता क्लब, यूथ रेडक्रॉस क्लब, रेड रिब्बन क्लब, रीना ने बस पास सुविधा, सुनीता बेनीवाल ने अर्न वाइल यू लर्न और प्रियंका ने विधि साक्षरता प्रकोष्ठ के बारे में जानकारी दी।