बहादुरगढ़। उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा पंचकुला द्वारा जारी अधिसूचनाओं के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (यूजी) एवं स्नातकोत्तर (पीजी) कार्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। वैश्य आर्य कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. राजवंती शर्मा ने छात्राओं एवं अभिभावकों से समय रहते प्रवेश संबंधी सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने का आह्वान किया है।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. राजवंती शर्मा ने बताया कि पीजी प्रथम वर्ष में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। महाविद्यालय में एमए अंग्रेजी में 30 सीटें, एमकॉम में 60 सीटें तथा एमएससी गणित में 40 सीटें उपलब्ध हैं। उन्होने बताया कि महाविद्यालय में छात्राओं की सुविधा के लिए निशुल्क ऑनलाइन पंजीकरण सहायता केंद्र, विषय चयन परामर्श, दस्तावेज संबंधी मार्गदर्शन तथा प्रवेश हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है। यूजी प्रथम वर्ष की प्रथम मेरिट सूची 22 जुलाई को उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा जारी कर दी जाएंगी। जिसमें चयनित छात्राओं के लिए प्रवेश शुल्क जमा करवाने की अवधि 23 से 27 जुलाई निर्धारित की गई है। इसी क्रम में उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार यूजी द्वितीय व तृतीय वर्ष की प्रमोटेड छात्राओं के प्रवेश की प्रक्रिया भी जारी है। पात्र छात्राएं 24 जुलाई तक बिना विलंब शुल्क के अपनी प्रवेश फीस जमा करवा सकती हैं। महाविद्यालय की प्रवेश नोडल अधिकारी सुजाता वर्मा ने बताया कि पीजी कार्यक्रमों में प्रवेश लेने की इच्छुक छात्राएं अपने सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें तथा प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित सूचनाओं पर नियमित रूप से ध्यान दें।