बहादुरगढ़। शहर के राजकीय महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न कॉलेजों में आयोजित शैक्षणिक व सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पुरस्कार अपने नाम किए हैं। प्राचार्य दलबीर सिंह के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों की इन उपलब्धियों से महाविद्यालय का नाम रोशन हुआ।
विज्ञापन
रोहतक के पंडित एनआरएस राजकीय महाविद्यालय में आयोजित राज्यस्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में सहायक प्रोफेसर डॉ. विकास यादव के निर्देशन में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्राओं शिखा और मानसी ने मनोविज्ञान विषय में दूसरा स्थान हासिल किया। छात्राओं ने अपने मॉडल के माध्यम से मानव जीवन पर सोशल मीडिया के प्रभाव और इसके दुष्प्रभावों को कम करने के उपाय प्रस्तुत किए। वहीं राजकीय महाविद्यालय दुजाना में आयोजित अंतर-महाविद्यालय सांस्कृतिक महोत्सव में भी कॉलेज की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया।
समूह नृत्य प्रतियोगिता में वैष्णवी और रिंकी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रिंकी ने एकल नृत्य में भी दूसरा स्थान हासिल किया जबकि एकल गायन में मोंटी ने द्वितीय पुरस्कार जीता। प्राचार्य दलबीर सिंह ने विजेता विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए सांस्कृतिक समिति संयोजक डॉ. राजीव आसीवाल और सह-संयोजक डॉ. विनोद कुमार को बधाई दी।