झज्जर। बोर्ड की परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों को स्कूल छोड़ने की स्थिति में अंतिम परीक्षा के बाद पांच दिन के भीतर स्कूलों में टैबलेट जमा कराने होंगे। विभाग की तरफ से इस संबंध में एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) जारी कर दिया गया है। विभाग ने दसवीं से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को दिए गए टैबलेट को लेकर शिक्षा विभाग ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं, इस पर अमल करना अनिवार्य किया गया है।
राजकीय हाई स्कूल में पढ़ने वाले दसवीं के विद्यार्थियों को अंतिम परीक्षा के बाद पांच दिन में टैबलेट और सिम जमा करवाने होंगे। इसके बाद सिम को निष्क्रिय किया जाएगा। इसी प्रकार से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने वाले दसवीं कक्षा के विद्यार्थी यदि दूसरे स्कूल में दाखिला लेने के लिए स्कूल छोड़ने का प्रमाण पत्र लेते हैं तो उनसे टैबलेट लिया जाएगा। यदि वह एसएलसी नहीं लेते तो टैबलेट उनके पास ही रहेंगे। इसी प्रकार 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों के पास टैबलेट रहेंगे। बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को अंतिम परीक्षा के पांच दिन के अंदर टैबलेट, चार्जर, सिम व अन्य मिला सामान जमा कराना होगा और सिम को निष्क्रिय किया जाएगा। स्कूल मुखिया व संबंधित कक्षा प्रभारी टेलीफोन के माध्यम से बच्चों को टैबलेट वापस करने बारे सूचित करेंगे। स्कूल मैनेजमेंट कमेटी यह सुनिश्चित करेगी कि सभी विद्यार्थियों द्वारा स्कूल में टैबलेट वापस जमा करवा दिए गए हैं। टैबलेट मिलने के बाद उसका रिकार्ड भी रखा जाएगा। विभाग ने निर्देश दिए हैं कि जो विद्यार्थी टैबलेट वापस नहीं करेंगे उनका परिणाम भिवानी बोर्ड द्वारा रोक लिया जाएगा। ऐसे विद्यार्थियों का परिणाम डिजिलॉकर पर भी अपलोड नहीं किया जाएगा। यदि स्कूल द्वारा दी गई सूची में से किसी त्रुटि के कारण किसी ऐसे विद्यार्थी का परिणाम घोषित हो जाता है, जिसने टैबलेट जमा नहीं करवाया है तो स्कूल प्रभारी यह सुनिश्चित करेंगे कि ऐसे विद्यार्थी को एसएलसी, डीएमसी और चरित्र प्रमाण पत्र जारी नहीं किए जाएंगे। जिले के लगभग 15572 विद्यार्थियों को टैबलेट मिले हुए हैं।
अवसर पोर्टल पर देनी होगी जानकारी
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि विद्यार्थी से टैबलेट गुम हो गया है अथवा विद्यार्थी ने टैबलेट देने से मना कर दिया है तो उसकी सूची बनाकर अवसर पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। बोर्ड को भेजे जाने वाले नामों की सूची के बारे में प्रोफार्मा अवसर पोर्टल पर उपलब्ध कराया जाएगा, इसे भरकर अपलोड करना होगा। यदि उसमें त्रुटि होगी तो स्कूल मुखिया जिम्मेदार होंगे।
5 अप्रैल तक होंगे रिसेट
कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों द्वारा अवसर पोर्टल पर विद्यार्थियों के लिए की गई प्रविष्टि को 5 अप्रैल तक रिसेट किया जाएगा। ये एंट्री केवल उन्हीं बच्चों के लिए की जाएगी, जो स्कूल में टैबलेट वापस करेंगे।
कक्षा अनुसार टैबलेट का विवरण
दसवीं-5510
11वीं-4967
12वीं-5297
परीक्षाओं के बाद विद्यार्थियों से टैबलेट वापस लेने के आदेश आ चुके हैं। उनको अंतिम परीक्षा से पांच दिन बाद तक टैबलेट स्कूल में जमा कराने होंगे। जो जान-बुझकर टैबलेट जमा नहीं करवाएगा, बोर्ड द्वारा उसका परिणाम रोका जाएगा।
विक्रम सिंह, जिला गणित विशेषज्ञ, झज्जर