पालिका बाजार के सामने जाम लगाते दुकानदार। संवाद
- फोटो : Jhjhar
झज्जर। तीन दिन पहले सिलानी गेट क्षेत्र में दुकानदार से हथियारों के बल पर दो लाख रुपये लूटने की वारदात का पुलिस खुलासा भी नहीं कर पाई थी कि वीरवार की रात को चोरों ने पालिका बाजार में एक दुकान का शटर उखाड़कर करीब डेढ़ लाख रुपये के मोबाइल चोरी कर लिए हैं। जबकि एक दूसरी दुकान का शटर उखाड़ने का प्रयास किया। घटना के बारे में जब दुकानदारों को पता चला तो सुबह ही क्षेत्र की सभी दुकानों को बंद कर पुराना बस स्टैंड के सामने से गुजरने वाली सड़क पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस थाना शहर प्रभारी नरसिंह की दुकानदारों ने एक नहीं सुनी। उसके बाद डीएसपी राहुल देव मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी करने का आश्वासन दिया और जाम खुलवाने का प्रयास किया। लेकिन दुकानदार उसके बाद भी नहीं माने तो एसपी राजेश दुग्गल स्वयं जामस्थल पर पहुंचे और उन्होंने दुकानदारों को आश्वासन दिलाया कि 24 घंटे में आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा और रात के समय गश्त और बढ़ाई जाएगी। शहर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
- सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
झज्जर के पालिका बाजार में हुई चोरी की यह वारदात मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी में दो चोर दुकान का शटर उखाड़ते दिखाई दे रहे हैं। इसी घटना से आक्रोशित दुकानदारों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगाते हुए झज्जर के पुराना बस स्टेंड मार्ग पर जाम लगा दिया। इस दौरान दुकानदारों ने शासन व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। इस दौरान करीब घंटाभर यातायात बाधित रहा। पालिका बाजार में स्थित बसंत कुमार की मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान है। वह अन्य दुकानदारों के साथ ही वीरवार देर शाम के समय दुकान बंद कर घर चला गया था। रात के समय चोरों ने बंसत की दुकान का शटर उखाड़ कर करीब डेढ़ लाख रुपये के मोबाइल व सामान चोरी कर लिया। जबकि साथ लगती धर्मेंद्र की दुकान का भी शटर उखाड़ने का प्रयास किया। संदीप की दुकान का बिजली मीटर उखाड़ दिया और सीसीटीवी की तार भी ताड़ दी। घटना की सूचना मिलते ही शहर पुलिस थाना प्रबंधक नरसिंह अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाने के बाद आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वर्जन
पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। रात के समय पुलिस की गश्त भी बढ़ाई जा रही है।
- राहुल देव, डीएसपी, झज्जर।