बहादुरगढ़। आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र के पार्ट-ए में स्थित एक फुटवियर फैक्टरी से चोर लाखों रुपये चोरी कर ले गए। फैक्टरी संचालक ने एमआईई चौकी पुलिस को इसकी शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर थाना शहर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी चोरों का कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस फैक्टरी में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र की एक फुटवियर फैक्टरी के कार्यालय में घुसकर केबिन के दराज को खोलकर चोर 5 लाख 65 हजार रुपये चुरा ले गए। फैक्टरी संचालक मनोज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने जूते की एक फैक्टरी 515 एमआईई पार्ट-ए में लगा रखी है। कुछ दिनों पहले उसने रात के समय फैक्टरी के दफ्तर में बने केबिन के दराज में 5 लाख 65 हजार रुपये रखे थे और वह घर चला गया था। उन्होंने बताया कि जब वह अगले दिन वापस फैक्टरी आया तो देखा कि कार्यालय की खिड़की का शीशा टूटा हुआ था और दराज को चेक किया तो उसमें रखी उक्त नकदी गायब थी। फैक्टरी संचालक मनोज के अनुसार उसकी फैक्टरी में चोरों ने घुसकर उक्त रुपये चुराए हैं। इधर, जब इस मामले में एमआईई चौकी पुलिस के पास शिकायत पहुंची तो उन्होंने इसको लेकर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस फैक्टरी में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।