रिटायर्ड एसपी की गाड़ी से बुधवार देर शाम एक युवक ने एक लाख 65 हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के समय रिटायर्ड एसपी गाड़ी को मकान के बाहर खड़ी कर दरवाजा खुलवा रहे थे। बाद में रिटायर्ड एसपी ने सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
रिटायर्ड एसपी रामकिशोर का झज्जर रेवाड़ी मार्ग पर गांव सिलानी के निकट पैट्रोल पंप है। बुधवार देर शाम वह पंप से रुपये लेकर अपनी गाड़ी से घर आए थे। गाड़ी में ही एक लाख 65 हजार रुपये और जरूरी कागजात रखे हुए थे। जब रिटायर्ड एसपी रामकिशोर झज्जर स्थित अपने निवास स्थान पर आए और गाड़ी को गली में ही खड़ी कर मकान का दरवाजा खुलवा रह थे उसी दौरान एक युवक आया और गाड़ी की खिड़की को खोलकर उसमें रखे रुपये लेकर फरार हो गया। बाद में उन्होंने इस पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी।
अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-सत्यवीर सिंह, शहर चौकी इंचार्ज, झज्जर।