-फोटो 62 : अपने दादा-दादी के साथ तैराक अतुल धनखड़। संवाद
बहादुरगढ़। हरियाणा ओलंपिक खेलों में तैराक अतुल धनखड़ का शानदार प्रदर्शन रहा। अतुल गांव छुड़ानी के रहने वाले हैं। उन्हें बचपन से ही तैराकी का शौक था जिसके चलते 5वीं कक्षा से ही तैराकी सीखना शुरू कर दिया। तैराकी की शुरुआत शहर में एचएल सिटी के 25 मीटर स्वीमिंग पूल से की थी। मां रजनी अध्यापिका हैं जबकि दादा आर्मी से सेवानिवृत्त हैं।
अतुल बारहवीं कक्षा के छात्र हैं। अब तक राज्य व राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में 14 पदक अपने नाम कर चुके हैं। फिलहाल वह हरियाणा तैराकी संघ के महासचिव अनिल खत्री के सान्निध्य में तैराकी के गुर सीख रहे हैं। अतुल का लक्ष्य राष्ट्रीय और ओलंपिक खेलों में गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन करना है।
उन्होंने बहादुरगढ़ में हुए 27वें हरियाणा राज्य खेलों में तैराकी प्रतियोगिता में कमाल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने ब्रैस्टस्ट्रॉक इवेंट में लगातार तीन गोल्ड मेडल हासिल किए हैं। इससे पहले हरियाणा राज्य सीनियर तैराकी प्रतियोगिता में भी ब्रैस्टस्ट्रॉक में गोल्ड मेडल जीता।
हरियाणा स्कूल स्टेट प्रतियोगिता अंडर-19 के 200 मीटर आईएम में गोल्ड मेडल हासिल किया था। अतुल ने स्कूल स्टेट की 100 मीटर ब्रैस्टस्ट्रॉक में रजत और 50 मीटर में कांस्य पदक हासिल किया। सब जूनियर ग्रुप से तैराकी की शुरुआत करते हुए अतुल ने सब जूनियर स्टेट स्वीमिंग में भी कई मेडल हासिल किए हैं।
इसके बाद जूनियर ग्रुप में नेशनल चैंपियनशिप में भी हिस्सा ले चुके हैं। वर्ष 2019 में हुआ 210 किलोमीटर का स्विमथॉन इवेंट लगातार 12 घंटे तैराकी का पहला इवेंट था। हरियाणा राज्य तैराकी प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रर्दशन के चलते अतुल धनखड़ का चयन उत्तराखंड में संपन्न हुए नेशनल गेम्स में भी हुआ था।
इसी माह स्कूल नेशनल होने वाले हैं और उम्मीद की जा रही है कि अतुल राज्य खेलों की तरफ स्कूल नेशनल में पदक हासिल करेंगे।