झज्जर। झज्जर-रोहतक रोड पर एक गाड़ी ने स्कूटी को टक्कर मार दी। इसमें स्कूटी चालक की मौत हो गई। स्कूटी चालक गुढ़ा गांव के पास पेट्रोल पंप पर कार्य करने के लिए जा रहा था।
हादसे के बाद गाड़ी चालक स्कूटी चालक को अपनी गाड़ी में बैठाकर अस्पताल में छोड़कर मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान 40 वर्षीय देवेंद्र के रूप में हुई है। वह मूल रूप से फर्रुखनगर के पास खंडेवल गांव का रहने वाला था, लेकिन पिछले लंबे समय से झज्जर शहर में ही रह रहा है।
पुलिस को दी शिकायत में फर्रुखनगर के गांव खंडेवल निवासी ईश्वर ने बताया कि उनका भाई देवेंद्र रहणिया काॅलोनी में किराए के मकान में रहता था। वह गुढ़ा गांव के पास एक पेट्रोल पंप पर कार्य करता था। उनका भाई स्कूटी पर अकेला था और वह अपने वह भांजे के साथ बाइक पर जा रहा था। वे जब सरदार बल्लभ भाई पटेल चौक के पास पहुंचे तो बस अड्डे की तरफ से आ रही तेज रफ्तार गाड़ी ने उसके भाई की स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर गया। उसे काफी चोटें आई। इसके बाद गाड़ी चालक भी रूक गया। वह उनके भाई को गाड़ी में बैठाकर नागरिक अस्पताल लेकर आया। गाड़ी चालक अस्पताल में उनके भाई को छोड़कर फरार हो गया। जांच के बाद चिकित्सकों ने देवेंद्र को मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर थाना शहर झज्जर में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक लड़का व एक लड़की छोड़ गया है। मृतक अकेला कमाने वाला था।