झज्जर के कुलाना चौक के पास कार चालक ने बाइक सवार पिता-पुत्र को कुचल दिया। इस हादसे में पिता की मौत हो गई जबकि पुत्र घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मंगलवार को शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार
कुलाना निवासी मनोज कुमार ने पुलिस में शिकायत दी है कि 10 जून कि शाम को वह और उसका चाचा का लड़का महेश अपने गांव के शिव मंदिर कुलाना पर पानी लेने गए थे। हम सड़क के किनारे पर खडे थे, तभी उसका भाई राज सिंह उर्फ पिन्टु व मेरा भतीजा घनश्याम अपनी बाइक को लेकर घर से कुलाना चौक पर सामान लेने जा रहे थे। तभी माछरोली की तरफ से एक कार चालक अपनी कार को तेज रफ्तार लापरवाही से चलाता हुआ आया।
कार चालक ने उसके भाई व भतीजे को पीछे से सीधी टक्कर मार कर सड़क से नीचे गड्ढे की तरफ घसीटते हुए ले गया। दोनों वाहन सड़क से नीचे जा गिरे। वह मौके पर पहुंचे तो उसका भाई और भतीजा घायल थे। उसके भाई राज सिंह को सरकारी अस्पताल झज्जर और भतीजे को रेवाड़ी के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां उसजे भाई राज सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मंगलवार को मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर कार चालक रेवाड़ी निवासी पंकज गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।