झज्जर। नववर्ष के आगमन पर जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा आरोपियों की धरपकड़ के लिए रविवार रात 9 बजे से सोमवार सुबह 3 बजे तक कई स्थानों पर विशेष नाके लगाए गए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अर्पित जैन ने स्वयं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सड़क पर उतरे। रविवार देर रात को जिला में लगाए गए नाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने नाके, पीसीआर व राइडर को चेक किया गया। पुलिस जवानों को पूरी निष्ठ से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने नाको पर तैनात कर्मचारियों को मिठाई खिलाकर नए साल की शुभकामनाएं दीं।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस की विभिन्न टीमों ने मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए जिला भर में करीब 70 वाहनों के चालान किए गए। जिनमें से बिना नंबर प्लेट के करीब 25 वाहनों का चालान किया गया। अवैध हथियारों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलते हुए पांच आरोपियों को 53700 रुपये की नगदी के साथ काबू किया गया। इस दौरान अपराधों कि रोकथाम के लिए जिला के सभी पर्यवेक्षण अधिकारी, प्रबंधक थाना, चौकी इंचार्ज व बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स के जवानों द्वारा गश्त, पैदल गश्त व नाकाबंदी की गई।
पुलिस की कई चेकिंग पार्टियों द्वारा जिला के विभिन्न स्थानों पर नाके लगाकर वाहनों की जांच की गई। गश्त के दौरान पुलिस द्वारा होटल, रेस्टॉरेंट, धर्मशाला, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन आदि स्थानों पर जांच की गई। एसपी डॉ. अर्पित जैन ने मध्य रात्रि को स्वयं पुलिस नाकों व गश्त पार्टियों का निरीक्षण किया।