झज्जर। पुलिस अधीक्षक कार्यालय झज्जर में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में एसपी डॉ. अर्पित जैन ने शुक्रवार को बहादुरगढ़ डिवीजन के थाना प्रबंधकों को शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में कड़े़ दिशा-निर्देश दिए। एसपी डॉक्टर अर्पित जैन ने कहा कि आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा अपराधियों की धरपकड़ के लिए गंभीरता से कार्रवाई अमल में लाई जाए। थाना चौकियों में साफ सफाई व स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। आपराधिक मामलों के वांछित आरोपियों की धरपकड़ व उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए योजना बनाकर व आपसी समन्वय स्थापित करके औचक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में आपराधिक आंकड़ों की समीक्षा करते हुए क्षेत्र में व्यवस्थाओं को शांतिपूर्ण बनाए रखने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में अपराध, कानून एवं व्यवस्था व आपराधिक गिरोह से संबंधित विषयों की समीक्षा की गई। बैठक में थाना प्रबंधक आसौदा निरीक्षक मनोज कुमार, थाना प्रबंधक लाइनपार निरीक्षक रामकरण, थाना प्रबंधक बादली उप निरीक्षक रमेश चंद्र, महिला उप निरीक्षक नीलम व अन्य मौजूद रहे। मीटिंग के दौरान अपराधियों व आपराधिक गिरोह की गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा पुलिस द्वारा वांछित को पकड़ने के लिए बनाई गई रणनीति की समीक्षा करते हुए विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। यातायात नियमों की पालना को सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर वाहन चेकिंग करने के निर्देश दिए गए। मीटिंग में स्थानीय एवं विशेष प्रावधानों के तहत आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम करना, मोस्टवांटेड तथा आपराधिक गिरोह के बदमाशों की धरपकड़ के लिए की गई कार्यवाही, अपराध की दृष्टि से संवेदनशील एरिया में पुलिस की मौजूदगी एवं निगरानी इत्यादि विषयों की समीक्षा करते हुए विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।