शहर के ग्वालीसन बाईपास चौक पर शादी कर घर लौट रहे दूल्हा- दुल्हन की गाड़ी डंपर से टकरा गई। जिसमें दूल्हा-दुल्हन सहित 6 घायल हो गए। घायलों में दो बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को राहगीरों की मदद से सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से 3 को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के अलवर जिले के सोहेटा जिंदोली गांव निवासी प्रवीण कुमार की बारात फतेहाबाद जिले के अम्जापुर गांव गई थी। शादी के बाद जब बारात लौट रही थी तो झज्जर के ग्वालीसन बाईपास चौक के पास बुधवार देर रात दूल्हे की गाड़ी डंपर से टकरा गई। हादसे में दूल्हा प्रवीण, दुल्हन निशा उर्फ संतोष, गाड़ी चालक राजकुमार मीणा, दुल्हन का भाई तन्नु, तन्नु का बेटा शुभम व प्रवीण के भाई का बेटा राकेश घायल हो गए। घायलों को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दूल्हे प्रवीन, गाड़ी चालक राजकुमार और 4 वर्षीय बच्चे राकेश को गंभीर हालत देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है। हादसे की सूचना मिलते के बाद पुलिस मौके पर पहुंच और मौका मुआयना करने के बाद आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। झज्जर शहर थाना प्रभारी नरसिंह ने कहा कि सड़क हादसे को लेकर अभी तक बयान दर्ज नहीं हो पाए हैं। बयान दर्ज होने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
घायल दुल्हन संतोष। संवाद- फोटो : Jhjhar