बहादुरगढ़। सराय औरंगाबाद के नजदीक स्थित बाल विकास सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जनगणना-2027 को लेकर कैनवास पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। खंड शिक्षा अधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पेंटिंग के माध्यम से जनगणना के महत्व और जागरूकता का संदेश दिया। इसमें कक्षा छठी ए के सिद्धार्थ ने पहला और ऋतुराज ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
विज्ञापन
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हमारी जनगणना हमारा अधिकार, ''जनगणना का ज्ञान बढ़े, घर-घर को जागरूक बनाएं'' और ''भारत की जनगणना-2027'' जैसे स्लोगन के माध्यम से जनगणना के महत्व और लाभों को दर्शाया। विद्यार्थियों ने स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर आमजन को भी जागरूक किया और अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर स्कूल निदेशक प्रवीण छिल्लर, डॉ. सीमा छिल्लर और प्रधानाचार्य डॉ. सीमा रानी ने विद्यार्थियों को जनगणना के उद्देश्य और महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनगणना से मिलने वाले आंकड़े देश के विकास की योजनाएं बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को इसके प्रति जागरूक रहना चाहिए।